बांसवाड़ा की नवाखेड़ा पंचायत के सरपंच (प्रशासक) प्रदीप निनामा ने शिक्षा को बढ़ावा देने के अपने वादे को निभाते हुए 14 मेधावी विद्यार्थियों को उदयपुर-दिल्ली-जयपुर हवाई यात्रा का मौका दिया। दरअसल, घोषणा की थी कि 10वीं और 12वीं में 75% से अधिक अंक लाने वाले विद्यार्थियों को हवाई यात्रा कराई जाएगी। हवाई यात्रा का वादा किया, अब निभाया सरपंच प्रदीप निनामा ने घोषणा की थी कि 10वीं और 12वीं में 75% से अधिक अंक लाने वाले विद्यार्थियों को हवाई यात्रा कराई जाएगी। शनिवार को वे 14 छात्रों को उदयपुर से दिल्ली और फिर जयपुर लेकर गए। दिल्ली में छात्रों को ऐतिहासिक स्थलों का भ्रमण कराया गया और जयपुर में भी प्रमुख जगहों की विजिट करवाई जाएगी। 9 सालों से निरंतर मोटिवेशन निनामा हर साल लगभग 1 लाख रुपए के शैक्षणिक इनाम देते हैं। मेरिट के आधार पर 7,000, 5,000 और 3,000 रुपए छात्रों को मिलते हैं। इस वर्ष 80% से अधिक अंक लाने वाली छात्रा भुली को 1 लाख रुपए मूल्य की स्कूटी प्रदान की जाएगी। 60% से अधिक अंक वाले 20–25 छात्रों को 3,000 रुपए और ट्रॉफी दी जाएगी। स्कूटी और नकद पुरस्कार भी तैयार वार्षिक उत्सव के दौरान मेधावी स्टूडेंट को स्कूटी और अन्य छात्रों को नकद सम्मान समारोह के रूप में दिया जाएगा, ताकि अधिक विद्यार्थी उच्च अंक हासिल करने के लिए प्रेरित हों। समाजसेवा में भी अग्रणी टेंट व्यवसायी होने के साथ, सरपंच निनामा सामाजिक सेवा के लिए प्रसिद्ध हैं। मृत्यु पर निशुल्क टेंट और 50 किलो चावल प्रदान करते हैं। दुर्घटना या बीमारी में वे बोलेरो से नि:शुल्क अस्पताल पहुंचाते हैं। हर वर्ष 200-300 महिलाओं को धार्मिक यात्राओं पर भी नि:शुल्क भेजते हैं। क्षेत्र में मिसाल बना सरपंच शिक्षा प्रोत्साहन और जनसेवा की उनकी पहल पूरे इलाके में सराहनीय उदाहरण बन चुकी है। निनामा की प्रेरणा से ग्रामीण क्षेत्रों में पढ़ाई के प्रति छात्रों का उत्साह लगातार बढ़ रहा है।