इस सप्ताह की सबसे बड़ी गिरावट, पारा 6.6 डिग्री भीलवाड़ा | पश्चिमी विक्षोभ का असर खत्म होने के साथ ही अब फिर से मौसम बदल गया है। एकाएक ठंडी हवा चलने से ठिठुरन बढ़ गई है और पारे में दो दिन में करीब 8.4 डिग्री की गिरावट दर्ज हुई है। 4 फरवरी को रात का पारा जहां 15 डिग्री पर पहुंच गया था, वहीं 5 फरवरी को लुढ़क कर 7.7 डिग्री पर आ गया और गुरुवार को और गिरावट हुई तो पारा 6.6 डिग्री पर आ गया। रात के पारे में इस हफ्ते की सबसे बड़ी गिरावट दर्ज हुई। दिन के तापमान में हालांकि ज्यादा गिरावट नहीं आई। 4 फरवरी को दिन का पारा 26.6 रहा तो बीते दोनों दिन अधिकतम पारा 24.6 डिग्री दर्ज किया गया। दिन के तापमान में खास अंतर नहीं आया। दो दिन से दिनभर आसमान साफ रहा और धूप भी तेज निकली, लेकिन सर्द हवाओं ने दिन में भी गलन बनाए रखी। सुबह-शाम ठंडी हवा से सर्दी का असर ज्यादा रहा। 8 फरवरी तक उत्तरी हवा के असर से तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट और होने की संभावना है। 8 फरवरी के बाद पारे में फिर से बढ़ोतरी होगी।