भास्कर न्यूज | जालोर संस्कृत भारती जालोर की ओर से आदर्श विद्या मंदिर, सूरजपोल में संस्कृत-संभाषण शिविर गुरुवार को शुरू किया। उद्घाटन समारोह में प्रांत अध्यक्ष तुलसीदास ने कहा कि संस्था का उद्देश्य संस्कृत का प्रचार-प्रसार करना है। इसे फिर से व्यावहारिक भाषा बनाना है। जब लोगों में संस्कृत के प्रति प्रेम जगेगा, तब संस्कृति के प्रति भी स्वाभाविक प्रेम उत्पन्न होगा। जिला अध्यक्ष कल्पेश बोहरा ने बताया कि संस्कृत भारती की ओर से 10 दिवसीय संस्कृत-संभाषण शिविर आयोजित किए जाते हैं। इनमें रोज 2 घंटे का प्रशिक्षण दिया जाता है। इससे बच्चे संस्कृत में बोलने योग्य बन जाते हैं। संस्कृत सिखाने के लिए आचार्यों को विशेष प्रशिक्षण दिया जाता है। अब तक हजारों आचार्य लाखों लोगों को संस्कृत संभाषण सिखा चुके हैं। पत्राचार के माध्यम से संस्कृत अध्ययन की योजना 4 भाषाओं में शुरू हो चुकी है। हजारों लोग इसका लाभ ले चुके हैं। देश के सभी प्रांतों में संस्कृत भारती का कार्य चल रहा है। करीब 300 पूर्णकालिक कार्यकर्ता इसमें लगे हैं। इस अवसर पर जोधपुर महानगर अध्यक्ष सुधीर कुमार, पत्राचार प्रमुख दिनेश गौड़, शिक्षा संस्कृति उत्थान के संदीप जोशी, जालोर जिला मंत्री खुशवंत नाग आदि रहे।
