सीएम आवास के पास से हटाए अतिक्रमण

भास्कर न्यूज | भरतपुर जिला प्रशासन, पुलिस और तहसील के संयुक्त दस्ते ने बुधवार को जवाहर नगर में कच्चे रास्ते से अस्थाई अतिक्रमण हटाया गया। साथ ही एक तबेले के संचालक को ईंटों से बने निर्माण को तोड़ने के निर्देश दिए हैं। अब इस रास्ते पर पक्की सड़क बनाना प्रस्तावित है। जिसे सर्कुलर रोड से जोड़ा जाएगा। दस्ता दो एस्केवेटर के साथ दोपहर में जवाहर नगर पहुंचा। जहां सीएम आवास से आगे अंबेडकर भवन के आगे कच्चे रास्ते पर ईंटों से बने खरंजे को हटाया गया। रास्ते के किनारे स्थिति एक तबेले संचालक ने बाड़ बना रखी थी। जिसे भी हटा कर एक ओर कर दिया गया। इससे आगे रास्ते पर लगाए गए पेड़-पौधों को भी हटा दिया गया। पूर्व नेता प्रतिपक्ष रूपेंद्र सिंह के अनुसार इस रास्ते पर सड़क बनाई जाएगी। जिसे सरकुलर रोड से लिंक किया जाएगा। सड़क को बनाने के काफी दिनों से प्रयास किए जा रहे थे। पार्षद दीपक मुदगल के अनुसार रास्ते के आगे की जमीन पर विवाद के कारण लंबे समय से सड़क नहीं बन पा रही थी।