साइबर अपराध पर जागरूकता अभियान:जिलेभर की स्कूलों में छात्र-छात्राओं को साइबर फ्रॉड से बचने की दी जानकारी

जिले में साइबर अपराधों की रोकथाम एवं साइबर जागरूकता के प्रसार के लिए चलाये जा रहे अभियान के तहत शहर सहित जिलेभर में गुरुवार को स्कूलों में जाकर छात्र-छात्राओं को साइबर अपराध की जानकारी दी गई। जालोर साइबर थानाधिकारी बाबूलाल जांगिड़ ने बताया कि एसपी ज्ञानचंद्र यादव के निर्देशानुसार जिले में साइबर पुलिस थाना जालोर द्वारा साइबर अपराधों की रोकथाम एवं साइबर जागरूकता के प्रसार हेतु विशेष अभियान (साइबर शील्ड) आरम्भ किया गया है जो अभियान 1 जनवरी से शुरू होकर 31 जनवरी तक जारी रहेगा। गुरुवार को अभियान को लेकर नियुक्त नोडल अधिकारी भूपेन्द्र सिंह, थानाधिकारी बाबूलाल जांगिड़, हेड कॉन्स्टेबल मोहनलाल, कॉन्स्टेबल चम्पालाल, ललित ने शहर के सिरे मंदिर रोड पर स्थित विद्या भारती स्कूल जालोर में जाकर 200 से अधिक छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों को साइबर अपराधों की रोकथाम तथा साइबर जागरूकता जानकारी दी गई। पैम्फलेट, पोस्टर इत्यादि वितरित किये गये। कार्यकम में उपस्थित छात्र-छात्राओं व शिक्षकों को साइबर अपराधों की रोकथाम, साइबर ठगी-धोखाधड़ी से बचाव एवं सोशल मीडिया के उपयोग के संबंध में जानकारी दी गई तथा अपने आस-पास के लोगों को जागरूक करने हेतु अवगत कराया गया। जिला मुख्यालय के अलावा जिले के सभी थाना क्षेत्रों में अभियान शुरू किया जाकर साइबर जागरूकता के प्रचार-प्रसार हेतु पोस्टर व पैम्फलेट का वितरण किया गया।