कोटपूतली-बहरोड़ जिले में लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में यूनिटी मार्च पदयात्रा का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम का आगाज जयपुर ग्रामीण सांसद राव राजेंद्र सिंह, बानसूर विधायक देवीसिंह शेखावत और विराटनगर विधायक कुलदीप धनकड़ ने आरटीएम होटल में एक प्रेस वार्ता के दौरान किया। ये पदयात्रा भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय द्वारा देशभर में आयोजित की जा रही ‘विकसित भारत पदयात्रा’ अभियान का हिस्सा है। इसका उद्देश्य युवाओं में राष्ट्रीय गौरव, समाज के प्रति जिम्मेदारी और एकता की भावना को मजबूत करना है। ये प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘जन भागीदारी से राष्ट्र निर्माण’ के विजन से प्रेरित है। इस अभियान में युवा, वरिष्ठ नागरिक और आमजन सभी देश के गौरवशाली इतिहास का स्मरण कर राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभाएंगे। विशेष रूप से ‘अमृत पीढ़ी’ के रूप में आज के युवाओं की भूमिका पर जोर दिया जा रहा है। केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने 6 अक्टूबर को एक प्रेस वार्ता के माध्यम से देशभर में इस अभियान का शुभारंभ किया था। ‘माय भारत’ कार्यक्रम की यह पहल देश की एकता के प्रतीक लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की 150वीं जयंती को समर्पित है। इसका लक्ष्य युवाओं में एकता, देशभक्ति और समाज व राष्ट्र के प्रति कर्तव्य की भावना जागृत करना है। सांसद राव राजेंद्र सिंह ने बताया कि भारत के लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की विरासत को उत्सव के रूप में मनाने के लिए उनकी 150वीं जयंती पर ‘सरदार@150 यूनिटी मार्च’ का आयोजन किया जा रहा है।