जालोर के दो युवा मयूर रामावत और ऋषि संगीत की दुनिया में राजस्थान का नाम रोशन कर रहे हैं। दोनों ने हाल ही मुंबई में दूरदर्शन के लिए टीवी रियलिटी शो सारेगामापा के लिए रिकॉर्ड एक शो में हिस्सा लिया। यह शो दिसंबर की शुरुआत में रिकॉर्ड हुआ और जब 23 दिसंबर को टीवी पर प्रसारित हुआ तो दर्शक इनकी प्रतिभा के मुरीद हो गए। मयूर और ऋषि एक ही बैंड से जुड़े हैं। दूरदर्शन के शो में जज रहे संगीतकार राजा हसन और श्रद्धा पंडित ने मयूर और ऋषि की तारीफ की। कार्यक्रम के बाद बुधवार 25 दिसंबर को दोनों जालोर लौटे तो शहरवासियों ने दिल खोलकर दोनों का स्वागत किया। मयूर ने मोबाइल छोड़कर गिटार को चुना मयूर रामावत (28) के पिता ओमप्रकाश रिटायर्ड कर्मचारी हैं। पिता को भजन लिखने का शौक था। मां गृहणी हैं। जालोर के फतेह हिल्स निवासी मयूर जब 15 साल के हुए तो पिता ने उनकी संगीत के प्रति रुचि को देखते हुए उन्हें गिटार गिफ्ट किया था। मयूर ने बताया- पिता ने मुझसे पूछा था कि गिटार चाहिए या फिर मोबाइल। मैंने गिटार चुना। मैंने 10वीं क्लास जालोर के आदर्श विद्या मंदिर और 12वीं क्लास विद्या भारती जालोर से पास की। इसके बाद जालोर के वीरमदेव कॉलेज से 2015 में ग्रेजुएशन किया। स्कूल समय के दौरान 2011 में आदर्श विद्या मंदिर की राज्य स्तरीय गायन प्रतियोगिता में मेरा चयन हुआ था। इसके बाद 2014 में जालोर महोत्सव में मैंने गाया। म्यूजिक का शौक मुझे मुंबई ले गया। वहां से मैंने 2019 में मुंबई म्यूजिक इंस्टीट्यूट से मास्टर इन म्यूजिक प्रोडक्शन में डिप्लोमा लिया। मैं जयपुर घराने के साबिर खान का शागिर्द हूं। कैफे में गाकर की करियर की शुरुआत मुंबई में म्यूजिक को लेकर मेरी शुरुआत छोटे कैफे में गाना गाकर हुई। यह 2019-20 की बात है। इसके बाद मेरे दो गाने बचपन और लंबी रातें बहुत फेमस हुए। इसके बाद 2020 में अमेजन प्राइम के इवेंट के लिए बॉलीवुड म्यूजिक डायरेक्टर प्रीतम चक्रवर्ती के साथ काम करने का मौका मिला। इस इवेंट में एक हजार सिंगर्स, म्यूजिशियन ने एक साथ हिस्सा लिया था। यह इवेंट 24 जनवरी 2020 को गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज हुआ। साल 2022 में जालोर महोत्सव में मुझे प्रसिद्ध यूफोन बैंड का ओपनिंग सॉन्ग गाने का मौका मिला। वोट की अपील का गाना हुआ हिट इसके बाद 2024 में चुनाव में वोट की अपील करते हुए मैंने ‘लोकतंत्र का यही है कहना… कभी वोट से वंचित न रहना’ गीत गाया। यह गीत खुद लिखा। कंपोज किया, म्यूजिक भी दिया। इसके लिए तत्कालीन जालोर कलेक्टर निशांत जैन ने प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया था। इसी गीत को इलैक्शन कमीशन ऑफ इंडिया के ऑफिशियल पेज पर शेयर किया। फोक फ्यूजन बैंड के ऑडिशन का हुआ सिलेक्शन मैंने और ऋषि ने मिलकर फोक फ्यूजन बैंड बनाया है। इसमें बाड़मेर जैसलमेर के दोस्त भी जुड़े हैं। सारेगामापा प्रोग्राम के लिए हमने एक बैंड के तौर पर ऑडिशन 2 दिसंबर को दिया था। हमारा सिलेक्शन हुआ। दिसंबर के शुरुआत में प्रोग्राम रिकॉर्ड हुआ और 23 दिसंबर को प्रसारण किया गया। फिलहाल जी म्यूजिक, सोनी म्यूजिक, 9XM और कुछ मराठी म्यूजिक कंपनियों में म्यूजिक कंपोजिंग और प्रोडक्शन के जरिए मेरी आय हो रही है। मेरा सबसे यादगार पल वह था जब 2023 में मैंने गुलाम अली साहब की प्रसिद्ध गजल चुपके-चुपके रात दिन गाकर इंस्टाग्राम पर पोस्ट की। इस पर खुद गुलाम अली ने रिप्लाई कर सराहना की तो अलग ही लेवल का कॉन्फिडेंस जगा। 10 साल पहले हुई थी दोनों की मुलाकात मयूर ने बताया- मैं, ऋषि और 3 अन्य दोस्तों ने मिलकर फोक फ्यूजन बैंड बनाया है। हमने इसी साल यह बैंड बनाया। ऋषि से मेरी मुलाकात जालोर महोत्सव 2014 में हुई थी। इसके बाद मैं ऋषि के गीतों की धुन तैयार करने लगा। अब
बैंड में मेरी भूमिका सिंगर और गिटारिस्ट की है। मुंबई में मैंने म्यूजिक कंपोजर, लिरिक्स राइटर, लाइव परफ़ॉर्मर, गिटार प्लेयर हर तरह का काम किया। अभी सफर जारी है। ऋषि ने बताया- बचपन से संगीत का शौक ऋषि वायके (26) भी जालोर के रहने वाले हैं। उन्होंने बताया- मुझे बचपन से संगीत का शौक है। 2011 में यूट्यूब पर मैंने अपना पहला गाना अपलोड किया था। मुंबई में मयूर का साथ मिला और हमने बैंड बना लिया। दिसंबर में मुंबई में बैंड परफोर्म शूट हुआ। मैंने ऑनलाइन ऑडिशन दिया था। उस्ताद साबिर खान साहब का मार्गदर्शन मिला। रियलिटी शो के लिए हमने रात-दिन मेहनत की। रिजल्ट 23 दिसंबर को दर्शकों ने दे दिया। मुझे हमेशा संगीत सीखते रहना है। मेरे पिता वचनाराम सरकारी स्कूल में प्रिंसिपल और मां गृहणी हैं। मैंने जालोर के सरकारी स्कूल से ही 2016 में 10 वीं और 2018 में 12वीं पास की। जब मैं 10वीं में था तब स्कूल के प्रोग्राम्स में हिस्सा लेता था। जिला स्तर पर कई प्रोग्राम में भाग लिया। अब साबिर खान के यहां संगीत शास्त्र की बारीकियां सीख रहा हूं। दिल्ली, जयपुर व उदयपुर सहित कई जिलों में म्यूजिक शो कर चुका हूं।
