बारां| नेशनल हाईवे 27 पर बटावदा के पास शुक्रवार रात को अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी। दुर्घटना में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया। परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एएसआई पुष्पेंद्र मीणा ने बताया कि बमूलिया निवासी गोविंद मीणा (42) शुक्रवार को एक कार्यक्रम में शामिल होने बटावदा गया था। जहां से देर रात को बाइक से वापस गांव लौट रहा था। तभी बटावदा जैन तीर्थ के पास नेशनल हाइवे 27 पर अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। दुर्घटना में बाइक सवार युवक गंभीर रुप से घायल हो गया। गंभीर रूप से घायल गोविंद को राहगीरों ने एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। शनिवार सुबह पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी है।