नयागांव क्षेत्र की कनबई पंचायत के लक्ष्मणपुरा उखेड़ी गांव में तीन पैंथरों के घुसने और एक के घायल मिलने के मामले में चौंकाने वाली जानकारी सामने आई है।वन विभाग ने खेरवाड़ा थाना पुलिस की सहायता से शुक्रवार को पैंथरों को फंसाने के काम आने वाले लोहे के तीन फंदे बरामद किए। आशंका थी कि इलाके में शिकारी सक्रिय हैं। वन विभाग ने पुलिस के साथ खेरवाड़ा से करीब 12 किलोमीटर दूर स्थित सोम नदी के किनारे बसे जवास गांव की कालबेलिया बस्ती में दबिश दी। इस दौरान ये फंदे मिले। चौंकाने वाली बात यह रही कि दबिश के दौरान इस बस्ती से एक व्यक्ति नानालाल को छोड़कर सभी पुरुष फरार हो गए। आशंका है कि लोगों को टीमों के आने की पहले ही सूचना लग गई थी। ऐसे में शिकार की शंका और गहरा गई है। विभाग ने नानालाल को पकड़कर खेरवाड़ा पुलिस को सौंप दिया है। इससे पूछताछ के आधार पर पुलिस आगे की जांच करेगी। घायल तेंदुए को वापस जंगल में छोड़ा जाएगा वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि घायल तेंदुए को मेडिकल जांच के बाद जंगल में छोड़ दिया जाएगा। फिलहाल इसे शहर के सज्जनगढ़ स्थित बायोपार्क में रखा गया है। यह एक साल का नर है। बता दें कि कनबई के लक्ष्मणपुरा उखेड़ी में गुरुवार को 3 तेंदुओं के आने की सूचना मिली थी। इसके बाद विभाग की टीम मौके पर पहुंची थी। तब तक दो तेंदुए वहां से भाग चुके थे। टीम ने एक तेंदुए को ट्रेंक्यूलाइज किया था। 5 दिन पहले मृत मिला था तेंदुआ, पैर सड़ा हुआ था
इसी इलाके में पांच दिन पहले एक तेंदुआ मृत मिला था। उसका पैर सड़ा हुआ था। इसके बाद विभाग को शिकारियों के सक्रिय होने की आशंका हुई थी। अब एक पैंथर घायल मिलने के बाद आसपास की बस्तियाें में छानबीन शुरू की। खेरवाड़ा एसीएफ घनश्याम कुमावत, एसीएफ सुरेखा चाैधरी की अगुवाई में परसाद उदयपुर पश्चिम रेंज से 30 कर्मचारियों का दल पहुंचा। कालबेलिया बस्ती से फंदे मिले।
