राजस्थान में नए साल के जश्न की तैयारी शुरू हो गई है। देसी-विदेशी मेहमानों के खास स्वागत के लिए राज्य के होटल तैयार हैं। नए साल का लग्जरी अंदाज में स्वागत किया जाएगा। पाली में 54 लेपर्ड से घिरे जंगल के बीच मेहमान गुफा जैसे सुइट में रुकेंगे तो सरिस्का-रणथंभौर के जगलों में बाघ सफारी का आनंद लेंगे। जंगल से घिरे इन होटलों में टाइगर की दहाड़ साफ सुनाई देती है। उदयपुर में झीलों के बीच नए साल का धमाकेदार स्वागत होगा तो जैसलमेर के रेगिस्तान में परदे से पूरा शहर बसा दिया गया है। टेंट से बने ये होटल इतने खास हैं कि इनमें पर्सनल पूल भी मिल रहा है। उदयपुर में झील किनारे कोहिनूर सुइट का किराया 10 लाख प्रतिदिन है। नए साल का जश्न राजस्थान के इन होटलों में शाही तरीके से मनाया जाएगा। ज्यादातर होटल में बुकिंग फुल हो चुकी है। देश-दुनिया के टूरिस्ट ने नए साल के स्वागत के लिए राजस्थान के इन होटलों को उनकी खासियत के लिए चुना है। आइये, जानते हैं राजस्थान के कुछ खास होटल के बारे में। पाली: जवाई बांध कंजर्वेशन एरिया में 3 लग्जरी होटल 1. प्रवेग केव सुजान पाली शहर से दक्षिण में 87 किलोमीटर दूर जवाई बांध कंजर्वेशन एरिया में 3 लग्जरी होटल हैं। जवाई का जंगल एरिया 54 लेपर्ड से आबाद है। इसी जंगल के बीच होटल सुजान जवाई, आरामगाह और प्रवेग केव जवाई अपने गेस्ट को नए साल के जश्न का अलग अनुभव देने को तैयार हैं। सबसे पहले बात करते हैं प्रवेग केव जवाई की। यह होटल इसी साल शुरू हुआ है। प्रवेग की मेजबानी दुनियाभर में मशहूर है। होटल सुजान की सफलता को देखते हुए प्रवेग ने इलाके के बीसलपुल गांव में केव जवाई के नाम से होटल की शुरुआत की है। खास बात ये है कि यहां रूम, सुइट, बार सब गुफा के आकार के हैं। सुइट के चारों तरफ जंगल जैसा नजारा मिलता है। होटल में बुकिंग फुल हो चुकी है। गेस्ट के लिए होटल की ओर से कैंप फायर, सुइट के साथ पर्सनल स्विमिंग पूल का इंतजाम किया है। 31 दिसंबर की रात यहां खास पार्टी भी होगी। कुदरती नजारों और जंगल के बीच होने का एहसास लेने के लिए यह होटल फेमस हो चुका है। खास तौर से इसकी गुफा जैसी शेप वाले कमरे। प्रवेग केव होटल का प्रतिदिन का किराया 25 हजार से शुरू होता है। 2. आरामगाह जवाई रिसॉर्ट आरामगाह जवाई रिसॉर्ट भी कंजर्वेशन एरिया के कोटरा गांव (भागली) में है। यह 54 बीघा में फैला है। इस होटल में 15 विला और 20 रूम हैं। कंजर्वेशन एरिया में यह पहला ऐसा होटल है जहां बच्चों के लिए खास गेमिंग जोन और दिव्यांग गेस्ट के लिए स्पेशल स्विमिंग पूल हैं। आरामगाह जवाई का प्रतिदिन का किराया 20 हजार से शुरू होता है। 3. सुजान जवाई यह होटल जवाई कंजर्वेशन एरिया के बिसलपुर गांव के पास है। यह दुनिया के 50 अनोखे होटल्स में शामिल है। यहां फिल्म और राजनीति की बड़ी हस्तियां वक्त बिताना पसंद करती हैं। यह होटल विजिटर को न केवल जंगल के बीच होने का एहसास दिलाता है, बल्कि गांव के कल्चर को नजदीक से देखने का मौका देता है। नए साल का स्वागत कुदरत के साथ शांत वातावरण में करने की इच्छा रखने वाले यहां पहले से बुकिंग कर चुके हैं। तीनों होटल से जंगल सफारी का आनंद तीनों होटल ऐसे जंगल के बीच हैं, जहां 54 से ज्यादा लेपर्ड हैं। यहां लेपर्ड सफारी के लिए 200 से ज्यादा जिप्सियां हैं। जिप्सी सफारी का किराया 4 हजार प्रति व्यक्ति है। पीक सीजन के कारण होटलों की रेट बढ़ गई हैं। विजिटर्स 10 हजार से 1.50 लाख रुपए रोजाना ज्यादा खर्च कर रहे हैं। सेणा जीवदा वन्यजीव संरक्षक संस्था के अध्यक्ष राजेंद्रसिंह राणावत ने बताया- जवाई एरिया के सेणा, बेड़ा, जीवदा, पैरवा, बिसलपुर, दूदनी, कोठार, रघुनाथपुरा, वेलार गांवों के आसपास लेपर्ड पहाड़ियों पर अठखेलियां करते दिखते हैं। यहां सुबह शाम जिप्सियों से लेपर्ड सफारी कराई जाती है। जैसलमेर: रेगिस्तान में बसा परदे का शहर 1. डेजर्ट वैली रिसॉर्ट जैसलमेर के रेगिस्तान में खास टेंट होटल डेजर्ट वैली जश्न के लिए तैयार हैं। यह पूरा होटल टेंट से बना है। 31 दिसंबर की रात के लिए यहां सभी टेंट की रेट कई गुना हो चुकी है। जो टेंट 1500 से 5000 रुपए प्रतिदिन के लिए बुक होते थे वे 15 हजार से 35 हजार रुपए प्रतिदिन के हिसाब से बुक हो रहे हैं। डेजर्ट वैली में गेस्ट की शाम को यादगार बनाने के लिए कैम्प फायर का आयोजन होगा। इसके अलावा राजस्थानी लोक कलाकारों की परफॉर्मेंस होगी। कालबेलिया डांस और डीजे साउंड के साथ गेस्ट को राजस्थानी फूड परोसा जाएगा। ऐसी उम्मीद है कि जैसलमेर में इस बार 3 लाख सैलानी नए साल का जश्न मनाने आएंगे। 2. द सराय टेंट होटल्स की बात करें तो यहां द सराय सबसे लग्जरी रिसॉर्ट है। इसमें एक टेंट की प्रतिदिन की बुकिंग 2 लाख रुपए तक है। ये टेंट इतने लग्जरी हैं कि इनमें गेस्ट के लिए पर्सनल पूल भी बनाए गए हैं। नए साल के जश्न के लिए इंडो वेस्टर्न म्यूजिक इवेंट की व्यवस्था की गई है। साथ ही रेगिस्तान में गेस्ट को फोक डांस इवेंट का भी लुत्फ मिलेगा। साथ ही होटल की तरफ से 31 दिसंबर की नाइट गाला डिनर मिलेगा। होटल की तरफ से कैमल राइडिंग कराई जाएगी। अलवर: जंगल में ऊंटगाड़ी पर कराएंगे झील तक सैर अलवर में सरिस्का के बफर जोन भी होटल रामबिहारी पैलेस में मेहमानों के लिए खास इंतजाम किए गए हैं। यह होटल सिलिसेढ़ में है। अलवर शहर से इसकी दूरी 13 किलोमीटर दूर है। सिलीसेढ़ में खूबसूरत झील है, जो होटल एरिया के पास है। यहां लेपर्ड का भी मूवमेंट है। होटल से सिलीसेढ़ झील तक टूरिस्ट को ऊंटगाड़ी पर घुमाया जाएगा। साथ ही गावों की सैर भी कराई जाएगी। 31 दिसंबर की रात यहां लाइव सिंगिंग और डीजे पार्टी होगी। इसके साथ ही खास डिनर का आयोजन किया जाएगा। होटल में न्यू ईयर पार्टी के लिए बुकिंग फुल हो चुकी है। यहां दो रात और एक दिन का किराया 25 हजार से 70 हजार रुपए प्रति व्यक्ति है। इसमें खाना-पीना भी शामिल है। होटल में दिल्ली और गुरुग्राम के टूरिस्ट हैं। सवाई माधोपुर: होटल के रूम तक सुनाई देगी टाइगर की दहाड़ 1. होटल ताल रणथंभौर सवाई माधोपुर के होटल ताज रणथंभौर में 31 दिसंबर की रात गेस्ट के लिए खास पार्टी का आयोजन किया जाएगा। इसमें गाला डिनर, बोन फायर होगा। यहां 24 घंटे रुकने का चार्ज 67 हजार से शुरू होता है। टैक्स अलग से लगता है। बॉलीवुड, खेल और राजनीति जगत की बड़ी हस्तियों की यह खास पसंद है। यहां क्रिकेट दिग्गज सचिन तेंदुलकर ने पत्नी अंजलि का जन्मदिन मनाया था। यह होटल सवाई माधोपुर शहर से मात्र 8 किमी दूर है। रणथंभौर के जंगल से यह होटल डेढ़ से दो किमी की दूरी पर है। ऐसे में यहां टाइगर की दहाड़ अक्सर सुनाई देती हैं। 2. सिक्स सेंस फोर्ट सवाई माधोपुर के चौथ का बरवाड़ा कस्बे में यह होटल 31 दिसंबर की नाइट शानदार पार्टी का आयोजन करेगा। इसमें कपल के लिए एंट्री 1.5 लाख रुपए से शुरू है। इसमें डिनर एवं सिंगिंग-डांस पार्टी होगी। इसमें पंजाब और कोलकाता से आए सिंगर परफॉर्म करेंगे। इस होटल में कटरीना कैफ और विक्की कौशल ने शादी की थी। यह होटल सवाई माधोपुर से 25 किमी दूर है। यह कस्बे में एक पहाड़ी पर पुराने किले में बना हुआ है। उदयपुर: झील के किनारे पर कोहिनूर सुइट, किराया 10 लाख 1. लेक पैलेस उदयपुर की खूबसूरत झीलों के बीच नए साल के सेलिब्रेशन की तैयारी है। रॉयल वेडिंग, वेकेशन, हनीमून हो या फिर नए साल का जश्न। उदयपुर हमेशा टूरिस्ट की पसंद होता है। नए साल के जश्न के लिए भी झीलों का यह शहर बेस्ट डेस्टिनेशन में से एक है। पिछोला झील के बीच 5 स्टार होटल ताज लेक पैलेस सहित किनारे बने दूसरे शाही होटलों में नए साल के जश्न की तैयारी है। इस शाही होटल में 66 कमरे और 17 सुइट हैं। 80 फीसदी बुकिंग हो चुकी है। रूम का कम से कम किराया यहां 1 लाख से शुरू होता है। इसके लग्जरी प्रेसिडेंशियल सुइट का किराया 12 से 14 लाख रुपए है। 31 दिसंबर की नाइट के लिए यहां खास इंतजाम किए गए हैं। टूरिस्ट के लिए यहां कैंप फायर होगा। इसके अलावा राजस्थानी कलाकार प्रस्तुति देंगे। डिनर में राजस्थानी, पंजाबी, गुजराती सहित साउथ इंडियन डिश का तड़का होगा। 2. उदयविलास उदयपुर में पिछोला झील किनारे होटल उदय विलास में भी सभी 100 रूम बुक हैं। यहां प्रतिदिन का चार्ज 75 हजार रुपए से लेकर 3.50 लाख रुपए तक है। होटल में 4 सुइट हैं। सबसे महंगा कोहिनूर सुइट है, जिसका एक नाइट का किराया 10 लाख रुपए है। इसके बाद 2 लाख से लेकर करीब 4 लाख प्रति नाइट के सुइट हैं। नए साल के जश्न के लिए यहां स्पेशल बैंड बुलाया गया है। इसके अलावा सिंगर भी बुलाए गए हैं। यहां भी कैंप फायर की व्यवस्था की गई है। पूरे होटल को लाइट और फूलों से सजाया गया है।
