राजस्थान की टॉप एमेच्योर गोल्फर ईति चौधरी ने वीमेंन्स गोल्फ एसोसिएशन ऑफ इंडिया (WGAI) के प्रोफेशनल टूर्नामेंट में अपने पहले ही प्रयास में बेहतरीन प्रदर्शन कर सबका ध्यान खींचा। 4 से 7 नवंबर 2025 तक रामबाग गोल्फ क्लब, जयपुर में आयोजित इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय टूर्नामेंट में ईति ने तीनों राउंड में स्थिर और शानदार खेल दिखाया। ईति ने तीनों राउंड में सिंगल डिजिट स्कोर कार्ड (+6, +2, +4) के साथ शानदार खेलते हुए कट लाइन पार की और टॉप T21 में जगह बनाई। अपने होम क्लब में हुए इस आयोजन में उन्होंने अपने प्रदर्शन से अनुभवी प्रोफेशनल खिलाड़ियों के बीच भी मजबूत पहचान बनाई। लगातार पिछले दो सालों से वुमेंस एमेच्योर इंडिया रैंकिंग में अपनी मौजूदगी बनाए रखने वाली ईति फिलहाल कनोडिया कॉलेज, जयपुर से मनोविज्ञान ऑनर्स (द्वितीय वर्ष) की छात्रा हैं। अपनी सफलता का श्रेय देते हुए ईति ने कहा कि – रामबाग गोल्फ क्लब के कप्तान योगेन्द्र सिंह शेखावत और मानद सचिव समृद्ध शर्मा के मार्गदर्शन और प्रोत्साहन से ही यह संभव हो सका। उनके विजनरी नेतृत्व में ही इतने सालों बाद यह प्रतिष्ठित टूर्नामेंट जयपुर में आयोजित हुआ है। बता दें कि इस टूर्नामेंट की प्राइज मनी 16 लाख रुपए है। जो जयपुर में हुए महिला गोल्फ आयोजनों में अब तक की सबसे बड़ी और ज्यादा है।