मौसम का हाल:आंधी की वजह से 3 दिन में गिरा 6 डिग्री तापमान

कुछ ​दिन पूर्व अप्रैल के प्रथम सप्ताह में गर्मी ने अब तक का रिकार्ड ​तोड़ दिया और पारा 46.4 डिग्री तक पहुंच गया था। 5 दिन तक हीट वेव चलने के बाद अब मौसम में बदलाव देखने को मिला है। शुक्रवार को सुबह से ही धूलभरी आंधी का दौर शुरू हो गया। दोपहर बाद आसमान में बादल छाए रहे। आंधी की वजह से आसमान में दिनभर रेत की गर्द छाई रही। इससे तापमान में गिरावट हुई है। शुक्रवार को बाड़मेर का अधिकतम पारा 39.6 और न्यूनतम 26.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से मौसम बदल गया है। हीट वेव का असर कम होने के साथ ही अब 6 डिग्री तक तापमान में गिरावट आई है। इन दिनों पश्चिमी राजस्थान धूलभरी आंधी की चपेट में यहां 25-30 किमी. प्रति घंटा की रफ्तार से आंधी चल रही है। इससे ग्रामीण इलाकों में जनजीवन प्रभावित है। शुक्रवार को दिनभर बादल छाए रहे, इससे बारिश की संभावना बनी रही, लेकिन देर रात तक कहीं भी बारिश नहीं हुई।