मॉक ड्रिल में युवाओं से भागीदारी की अपील

बाड़मेर| अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने 7 मई 2025 को होने वाली सिविल डिफेंस मॉक ड्रिल में युवाओं और विद्यार्थियों से भाग लेने की अपील की है। यह मॉक ड्रिल केन्द्रीय गृह मंत्रालय द्वारा पूरे देश में कराई जा रही है। हाल ही में कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले, सीमा पार से बढ़ते साइबर हमलों और शत्रुतापूर्ण गतिविधियों को देखते हुए यह अभ्यास जरूरी माना गया है। इस अभ्यास में एयर रेड वॉर्निंग सायरन का परीक्षण होगा। क्रैश ब्लैकआउट की प्रक्रिया अपनाई जाएगी। नागरिकों की सुरक्षित निकासी का पूर्वाभ्यास कराया जाएगा। आपात स्थिति में सुरक्षा उपायों का प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। विद्यार्थियों और आम लोगों को इन स्थितियों से निपटने की जानकारी दी जाएगी। रेडार स्टेशन और पावर प्लांट्स जैसी महत्त्वपूर्ण संस्थाओं को छिपाने के लिए कैमोफ्लाज तकनीकों का अभ्यास भी किया जाएगा। अभाविप का मानना है कि राष्ट्रीय सुरक्षा केवल सेना की जिम्मेदारी नहीं है। हर नागरिक की इसमें भूमिका है। खासकर युवाओं की। विद्यालय, महाविद्यालय और विश्वविद्यालयों को जागरूकता और सतर्कता के केंद्र बनना चाहिए।