भीलवाड़ा में क्राइम का ग्राफ घटा, लेकिन हत्याएं बढ़ी:एसपी धर्मेंद्र सिंह बोले- बढ़ती वारदात को करेंगे कंट्रोल, अपराधियों पर कसेंगे नकेल

भीलवाड़ा में पुलिस नए साल में क्राइम रोकने के लिए स्पेशल टास्क लेगी और अभियान चलाएगी। शहर में सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था मजबूत की जाएगी। बाहर के लोगों की पहचान के लिए बीट लेवल पर सर्वे करते हुए रिकॉर्ड तैयार करेगी। बिना लाइसेंस ब्याज का धंधा करने वाले माफिया और बजरी माफिया को मार्क कर कार्रवाई करेगी। एसपी धर्मेंद्र सिंह यादव ने गुरुवार को मीडिया से बातचीत में यह जानकारी दी। इस मौके पर उन्होंने पिछले वर्ष के अपराध का डेटा साझा करते हुए इस साल की टॉप प्रायोरिटी पर चर्चा की। उन्होंने बताया कि भीलवाड़ा जिले में वर्ष 2024 में बीते 2 वर्षों के मुकाबले संगीन अपराधों में कमी आई है। नवंबर 2024 तक के अपराध के आंकड़ों पर नजर डालें तो चोरी-नकबजनी, लूट-डकैती, बलवा जैसे संगीन अपराध 4 से लेकर 62 प्रतिशत तक कम हुए हैं। हालांकि हत्याएं 34 प्रतिशत बढ़ी हैं। वहीं दुष्कर्म की वारदातों में भी कमी आई है। दूसरी ओर, महिला अपराधों में ओवरऑल 22.77 प्रतिशत कमी आई तो दहेज हत्याएं और महिलाओं के अपहरण की वारदातें 17.44 प्रतिशत बढ़ गई है। वर्ष 2024 में नवंबर तक 35 हत्याएं हुईं, जबकि इसी अवधि तक वर्ष 2023 में 33 और 2022 में 26 हत्याएं हुई थीं। हत्या के प्रयास के मामले नवंबर 2024 तक 69 मामले दर्ज हुए। वहीं वर्ष 2023 में 90 और 2022 में 85 प्रकरण दर्ज हुए थे। पिछले साल डकैती के 3 मामले दर्ज हुए, जबकि 2023 में 3 और 2022 में 8 मामले दर्ज हुए। नवंबर 2024 तक लूट के 73, रेप के 162, बलवा के 9 मामले दर्ज हुए। अन्य एफआईआर भी 3431 दर्ज हुई। जबकि 2023 में 3762 और 2022 में 3585 एफआईआर हुई थी। उन्होंने बताया- अभय कमांड सेंटर पर अब पुलिस अधिकारी प्रतिदिन ड्यूटी देते हुए रात्रि गश्त पर निगरानी रख रहे हैं। शहर में अलग-अलग पाइंट्स पर नाकाबंदी करवाई जा रही है। जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में चोरी-लूट की वारदातें ज्यादा होती हैं, वहीं शहर में बाइक चोरी की वारदातें ज्यादा हैं। इन पर अंकुश लगाया जाएगा। बीएनएस की धारा 115 के तहत जो अपराधी अपराध के जरिये संपत्ति बनाते हैं, उसे कुर्क किया जाएगा।