प्रॉपर्टी डीलर के घर फायरिंग के 2 आरोपी गिरफ्तार:जान से मारने की धमकी दी थी, अब तक 8 आरोपियों को पकड़ चुकी पुलिस

श्रीगंगानगर के जवाहरनगर थाना क्षेत्र में प्रॉपर्टी डीलर के घर फायरिंग मामले में पुलिस ने दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। अब तक कुल आठ आरोपी पकड़े जा चुके हैं। पुलिस अधीक्षक व डीआईजी गौरव यादव ने बताया कि 27-28 मई की रात एक प्रतिष्ठित व्यापारी के घर पर फायरिंग हुई थी। इस पर जवाहरनगर थाने में एफआईआर दर्ज की गई। जांच उपनिरीक्षक बलवंत कुमार को सौंपी गई थी। ये था पूरा मामला पुलिस के अनुसार इससे पहले 24-25 मार्च की रात भी व्यापारी को धमकाने के लिए उसके घर के मुख्य दरवाजे पर दो कारतूस और धमकी भरा पत्र छोड़ा गया था। पत्र में फिरौती नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी गई थी। उस मामले में भी एफआईआर दर्ज हुई थी। इन दोनों मामलों के लिए थानाधिकारी देवेंद्र सिंह के नेतृत्व में टीम बनाई गई। इस टीम ने 5 जून को छह आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनमें प्रदीप सिंह उर्फ दीपा पुत्र बुधराम उर्फ निक्का, उम्र 21 वर्ष, निवासी गौशाला के पास, चमारखेड़ा हर्ष विश्नोई पुत्र सुरेश कुमार, उम्र 24 वर्ष, निवासी जम्भेश्वर मंदिर के सामने, चमारखेड़ा, ईशांत गोदारा पुत्र सुभाष चंद्र, उम्र 30 वर्ष, निवासी तरमाला, ढाणी खेत खुद, जिला मुक्तसर, पंजाब, शुभम खीचड़ पुत्र सुशील कुमार, उम्र 21 वर्ष, निवासी वार्ड नंबर 14, बीगड़ रोड, फतेहाबाद, कुलदीप उर्फ सेठी पुत्र कृष्णलाल, उम्र 30 वर्ष, कपिल पुत्र विजय सिंह, उम्र 30 वर्ष, निवासी खेत खुद, शिवपुर हेड, फत्तूही, शामिल हैं। ये सभी 12 जून तक पुलिस रिमांड पर हैं। 6 जून को पुलिस ने दो और आरोपियों हरप्रीत सिंह और भीमसेन उर्फ भानू को गिरफ्तार किया था। इन दोनों ने वारदात से पहले रैकी की और हमलावरों को जानकारी दी थी। इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक बलवंत कुमार, मुख्य आरक्षक हरभजन सिंह, कॉन्स्टेबल भरतलाल, वीरेंद्र गोदारा, सुभाष और हेमराज शामिल थे। इनमें भरतलाल और वीरेंद्र गोदारा की भूमिका निर्णायक रही। इन्होंने आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी में मदद की। पुलिस अब भी जांच में जुटी है। आरोपियों से पूछताछ जारी है। वारदात में इस्तेमाल हथियारों की तलाश और साजिश का खुलासा किया जा रहा है।