भास्कर न्यूज | समदड़ी। कस्बे के पांच पट्टी पीपा क्षत्रिय दर्जी समाज मंदिर में गुरुवार से तीन दिवसीय स्वर्ण जयंती महोत्सव शुरू होगा। मंदिर के अध्यक्ष गिरधारी भाटी ने बताया कि ब्रह्मधाम गादीपति तुलछाराम महाराज के निर्देश पर 2 से 8 मई तक खड़ी सप्ताह का आयोजन हो रहा है। इसमें जोधपुर की विशेष मंडली चौबीस घंटे भजन-कीर्तन कर रही है। मुख्य महोत्सव गुरुवार से शनिवार तक चलेगा। तीन दिवसीय कार्यक्रम में ब्रह्मधाम गादीपति तुलछाराम महाराज, हिंगलाज मठ महंत मृत्युंजयपुरी महाराज, सिवाना गादीपति नृत्य गोपालराम महाराज, आत्म शांति कुटीर योगा आश्रम सिणधरी महंत तृप्त आत्मानंदगिरि महाराज, कनाना महंत परशुरामगिरी महाराज और समदड़ी बगेची महंत नरसिंगदास महाराज का सानिध्य रहेगा। मंदिर परिसर को रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया गया है। देव प्रतिमाओं को नववस्त्र और आभूषणों से श्रृंगारित किया गया है। गुरुवार से शनिवार तक वैदिक मंत्रोच्चार के साथ यज्ञ होगा। पंडित आचार्य सुरेंद्र शर्मा यज्ञ संपन्न कराएंगे। सपत्निक जोड़े यज्ञ में आहुतियां देंगे। कल िनकलेगी शोभायात्रा : शुक्रवार सुबह 7 बजे साधु-संतों के सानिध्य में शोभायात्रा निकाली जाएगी। यह मंदिर परिसर से शुरू होकर कस्बे के मुख्य मार्गों से होते हुए वापस मंदिर पहुंचेगी। शाम को भजन संध्या होगी। शनिवार सुबह 7 बजे देव पूजन होगा। यजमान भगवान की प्रतिमा का अभिषेक कर पूजा, आरती और महाआरती करेंगे। शनिवार दोपहर 1 बजे मंदिर कमेटी की ओर से मुख्य अतिथि, भामाशाह और लाभार्थी परिवारों का बहुमान किया जाएगा। आयोजन समिति ने बताया कि पीपाजी धाम मंदिर का निर्माण 1975 में हुआ था। उस समय ब्रह्मलीन संत खेताराम महाराज और स्थानीय साधु-संतों ने प्राण-प्रतिष्ठा करवाई थी। मंदिर के 50 वर्ष पूर्ण होने पर यह स्वर्ण जयंती महोत्सव मनाया जा रहा है। इसमें समाज के पांचों पट्टी के परिवार भाग ले रहे हैं।