भीलवाड़ा |नौगांवा सांवरिया सेठ मंदिर से शुक्रवार को ठाकुरजी की बारात चित्तौड़गढ़ जाएगी। मधुवन कॉलोनी में ठाकुरजी का तुलसीजी संग विवाह होगा। मंदिर के व्यवस्था प्रबंधन प्रमुख गोविंद प्रसाद सोडानी ने बताया कि ठाकुरजी की बारात सुबह 7 बजे चित्तौड़गढ़ रवाना होगी। ठाकुरजी रथ में सवार रहेंगे। मधुवन स्थित हाथीकुंड के पास ओमप्रकाश सुखवाल के यहां बारात पहुंचेगी। सुबह 10.30 बजे पाणिग्रहण संस्कार होगा। इससे पहले सुखवाल परिवार ठाकुरजी की पूजा कर बारातियों का स्वागत करेगा। पाणिग्रहण संस्कार के बाद बारात की विदाई होगी।