अजमेर में 15 साल की लड़की से समुदाय विशेष के युवक की ओर से शादी करने के प्रयास का मामला सामने आया है। लड़की के माता-पिता का आरोप है कि युवक उनकी बेटी का धर्म परिवर्तन कर शादी करना चाहता था। युवक कलेक्ट्रेट पर दोनों की शादी के कागजात बनवाने गया था। आधार कार्ड में लड़की की उम्र 18 से कम निकली। इसकी हिंदू संगठन के लोग सूचना मिलने पर पहुंचे। सूचना पर लड़की की मां भी पहुंची। तब युवक भाग गया। लड़की की मां और पिता ने सिविल लाइन थाने में मामला दर्ज करवाकर लड़के को पकड़ने की मांग की है। थाना प्रभारी शम्भू सिंह ने बताया- माता-पिता ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है। मामले की जांच की जा रही है। नाबालिग का धर्म परिवर्तन कर शादी करने वाला था
लड़की की मां ने बताया- उनके पति साउथ अफ्रीका में काम करते है। इन दिनों अजमेर आए हुए है। दोनों का आपसी सहमति से अलग होने का केस कोर्ट में है। दोनों आज सुबह कोर्ट गए थे। तब वहां बुडाना (यूपी) का रहने वाला मोहम्मद दिलदार (28) हमारी बेटी को लेकर आया। वह जबरन स्टाम्प बनाकर शादी का दबाव बना रहा था। हमने इसका विरोध किया तो बेटी को लेकर चला गया। इसके बाद सूचना मिली कि वह शादी के लिए कागज बनाने कलेक्ट्रेट गया है। तब वहां पहुंचे और वह भाग गया। पुलिस में शिकायत दी। माता-पिता ने आरोप लगाया कि युवक बेटी का धर्म परिवर्तन कर शादी करने वाला था। कलेक्ट्रेट से भागा युवक
विश्व हिन्दू परिषद के सहप्रांत मंत्री शशि प्रकाश इन्दौरिया ने बताया- दोपहर 12 बजे के करीब सूचना मिली कि विशेष समुदाय का लड़का नाबालिग लड़की से शादी कर रहा है। शादी के लिए कलेक्ट्रेट में कागजात भी तैयार करवा रहा है। इस पर कलेक्ट्रेट पहुंचे। युवक ने एक स्टाम्प तैयार करवा रखा था, जिसमें लिखा था कि वह लड़की से शादी कर रहा है और उसे किसी तरह से परेशान नहीं करेगा। युवक से सवाल-जवाब करने लगे तो वह और उसके साथ आए लोग झगड़े पर उतारू हो गए। इसके बाद लड़की की मां को बुलाया गया। इस दौरान मौका देखकर युवक भाग गया। इसके बाद लड़की की मां के साथ एसपी ऑफिस पहुंचे। एसपी राज्यपाल विजिट में व्यस्त थे। ऐसे में सिविल लाइन थाने में मां ने शिकायत दी। मां ने लड़के को गिरफ्तार करने की मांग की है। दसवीं क्लास में पढ़ती है नाबालिग
इन्दौरिया ने बताया- नाबालिग अपने माता-पिता से अलग अपनी दादी के पास रहती है। दादी के घर के पास युवक का सैलून था। नाबालिग बाजार जाती तो सैलून के बाहर युवक से जान पहचान हो गई। उसका दादी के घर भी आना-जाना हो गया। इस दौराना नाबालिग पर शादी करने का दबाव बनाया। नाबालिग दसवीं क्लास में पढ़ती है।