दांत के अंदर दांत: दुर्लभ बीमारी का इलाज एमजीएच में किया

भास्कर संवाददाता | भीलवाड़ा महात्मा गांधी अस्पताल में करीब छह महीने पहले 14 वर्षीय बालिका दांत दर्द की तकलीफ लेकर पहुंची। जांच में पता चला कि दांत के अंदर दांत की दुर्लभ बीमारी है। मेडिकल की भाषा में इसे डेन्स इनवेजिनेटस कहते है। जिससे बालिका के तालू में गांठ और सूजन आई हुई थी। इससे दांतों में दर्द रहता था। बीमारी से दांत सड़ कर संक्रमण फैला देता है। दंत विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. विपुल चौधरी ने बताया कि आगे के दांत की आरसीटी यानि रूट केनाल ट्रीटमेंट किया। बालिका के तालू में आ रही सूजन खत्म हुई और उसका दांत भी नहीं निकालना पड़ा। इसके लिए बालिका को कई बार सिटिंग लेनी पड़ी। ऐसी बीमारी करीब 10 प्रतिशत लोगों में होती है। डॉ. चौधरी ने कहा कि इस केस को स्टडी के लिए अंतरराष्ट्रीय जर्नल में भी प्रकाशित करने के लिए भेजा जाएगा।