सड़क सुरक्षा पर प्रशासन सख्त: 15 दिवसीय विशेष अभियान में ओवरलोडिंग से लेकर अवैध कट तक पर कार्रवाई शुरू झालावाड़। जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और सड़क सुरक्षा को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से 4 से 18 नवंबर तक 15 दिवसीय विशेष सड़क सुरक्षा अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत अब तक परिवहन विभाग द्वारा 40 चालान किए गए हैं, जबकि अन्य विभाग अपने स्तर पर कार्रवाई में जुटे हैं। जिला कलेक्टर अजय सिंह राठौड़ ने सड़क सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी विभागों को निर्देश दिए हैं कि अभियान के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने जिला परिवहन अधिकारी समीर जैन को ओवरलोडिंग, अनाधिकृत वाहन संचालन, और वाहन फिटनेस उल्लंघन के मामलों में सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। शराब पीकर या तेज गति से वाहन चलाने वाले चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निलंबन के आदेश भी दिए गए हैं। अभियान के दौरान वाहन चेकिंग, रिफ्लेक्टर टेप लगवाने, सड़क सुरक्षा कार्यशालाएं आयोजित करने और जन जागरूकता कार्यक्रम चलाने की जिम्मेदारी परिवहन विभाग को दी गई है।साथ ही, सार्वजनिक निर्माण विभाग, एनएचएआई और अन्य एजेंसियों को राष्ट्रीय व राज्य राजमार्गों पर सभी अनाधिकृत कटों को 15 दिनों में बंद करने, व्हाइट लाइनिंग, डिवाइडर रेलिंग, और गड्ढों की मरम्मत के निर्देश दिए गए हैं। 45 वर्ष से अधिक आयु के वाहन चालकों का नेत्र परीक्षण चिकित्सा विभाग द्वारा करवाया जाएगा। इसके साथ एम्बुलेंस और ट्रॉमा सेंटर की व्यवस्थाओं को सुदृढ़ किया जाएगा।नगरीय निकाय विभाग फुटपाथों से अतिक्रमण हटाने, ट्रैफिक सिग्नल सिस्टम की मरम्मत, और सड़क प्रकाश व्यवस्था सुधारने का कार्य कर रहा है। जिला कलेक्टर ने नगर परिषद को शहरी क्षेत्र में भारी वाहनों की नो एंट्री सीमा और समय निर्धारण की समीक्षा करने के निर्देश दिए हैं।अभियान में एनजीओ, युवाओं और राहवीर नागरिकों को जोड़ा जा रहा है ताकि हेलमेट, सीट बेल्ट, मोबाइल उपयोग निषेध और दुर्घटना पीड़ितों की सहायता जैसे संदेश व्यापक स्तर पर फैलाए जा सकें।