जालोर जिला परिषद के कर्मचारियों की कार का एक्सीडेंट:2 की मौके पर मौत, एयरबैग से बची तीसरे की जान; रोड पर नीलगाय आई तो हुआ हादसा

जालोर जिला परिषद के तीन कर्मचारियों की कार का बाली (पाली) में एक्सीडेंट हो गया। हादसे में दो की मौत हो गई जबकि एयरबैग खुलने से तीसरा गंभीर रूप से घायल है। हादसा शुक्रवार रात 11.30 बजे बाली के नाणा थाना इलाके में दूदनी गांव के पास हुआ। नाणा थाना इंचार्ज रतन सिंह ने बताया- हादसे की सूचना मिलने पर जाप्ता लेकर मौके पर पहुंचे। तीनों को सुमेरपुर के सरकारी हॉस्पिटल पहुंचाया। वहां डॉक्टर ने प्रीतेन सिंह (32) और जितेंद्र सिंह (30) को मृत घोषित कर दिया। घायल विनोद राव का इलाज जारी है। घायल विनोद ने बताया- परिचित को सामान देने गए थे विनोद राव ने फोन पर बताया- हम तीनों जालोर जिला परिषद में कर्मचारी हैं। मैं अकाउंटेंट हूं। जितेंद्र सिंह जिला परिषद एमएएस थे। जबकि प्रीतेन सिंह जिला परियोजना डीपीसी में लगे थे। हम तीनों कल कार से पाली से दूदनी जा रहे थे। किसी परिचित को सामान देना था। जितेंद्र कार चला रहे थे। मैं फ्रंट सीट पर था। प्रीतेन सिंह पीछे बैठे थे। दूदनी से लौट रहे थे। जानकारी के अनुसार- रोड पर अचानक नीलगाय आई तो जितेंद्र ने स्टेयरिंग घुमा दिया। तेज रफ्तार कार रोड से उतरकर बेकाबू हो गई। इसके बाद पलट गई। हादसा इतना भीषण था कि जितेंद्र और प्रीतेन की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि विनोद घायल हो गए। प्रीतेन सिंह पुत्र हमीर सिंह पाली के रहने वाले थे। जितेंद्र सिंह पुत्र गुलाब सिंह जालोर के टिक्की गांव के निवासी थे। थाना इंचार्ज रतन सिंह ​​​​​ने बताया-शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए सरकारी अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया।