जयपुर | भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने गुर्जर आंदोलन के उग्र होने को प्रायोजित बताया है। इसके साथ ही आंदोलन से पहले पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत व पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट की मुलाकात को भी संदेश में माना है। उन्होंने कहा कि यह आंदोलन भाजपा सरकार के समय में ही उग्र होता है। पहली बार जब वसुंधरा राजे का शासन था, तब आंदोलन उग्र हुआ। कांग्रेस के समय में शांत बैठे रहे। फिर वसुंधरा राजे के शासन में आंदोलन हुआ। राजे सरकार आई तो चालू हो गया। कांग्रेस का शासन आया तो फिर चुप रहे। मीडिया से बात करते हुए भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि तीन दिन पहले सचिन पायलट और अशोक गहलोत मिले थे। पता नहीं उनकी क्या रणनीति तय हुई। यदि यह उसी का परिणाम है तो ठीक बात नहीं है।