टोंक | जिले में बुधवार को सुबह कई जगह गर्जना के साथ हल्की बारिश हुई। उसके बाद सुबह-सुबह ठंडक हो गई। लेकिन दोपहर में मौसम साफ होने के साथ ही तापमान में कुछ तेजी रही। शाम तक आसमान साफ रहा। मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को भी तेज हवाओं एवं बारिश का यलो अलर्ट है। उसके बाद मौसम के पूर्वानुमान के अनुसार तापमान में शुक्रवार से बढ़ोतरी हो सकती है। बुधवार को जिले में अधिकतम तापमान 36 डिग्री के आसपास रहा। ये बढ़ोतरी दोपहर में ही रही। सुबह गर्जना के साथ हुई बारिश के बाद शहर में कई जगह सड़कों पर पानी बहता नजर आया। हालांकि बारिश हल्की थी। चारों तरफ कीचड़ हो गया। कई जगह सीवरेज चैंबर से पानी बाहर आता नजर आया। हल्की बारिश ने ही सीवरेज सहित नगर परिषद की नालों-नालियों की सफाई की पोल खोल दी। बहरहाल दो-तीन दिन से राज्य में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण लू का असर बेअसर रहा है। जिले में अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस एवं न्यूनतम 23 डिग्री के आसपास रहा। लेकिन सुबह 11 बजे तक ठंडक रही।