कोटा में सीजन का पहला घना कोहरा छाया:पेड़ों पर जमी ओस की बूंद, गलन बरकरार; ट्रेनें 1 से 2 घंटा लेट

कोटा में सर्दी के सीजन में पहली बार घना कोहरा छाया, जिसके चलते सुबह विजिबिलिटी भी घटकर 30 मीटर रह गई है। सुबह के समय नहर किनारे पेड़ और पत्तों पर हल्की बारिश की तरह ओस की बूंदें जम गई। न्यूनतम तापमान 8.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। सर्दी के चलते लोगों की दिनचर्या भी प्रभावित हो रही है। जरूरी होने पर ही लोग घरों से बाहर निकल रहे है। तापमान में गिरावट होने से गलन बढ़ गई है। आज सुबह 10 बजे तक सूर्य देव के दर्शन नहीं हुए। ठिठुरन वाली ठंड से बचने के लिए लोग अलाव का सहारा लेते नजर आए। जिले में शीत लहर का दौर जारी है। ग्रामीण क्षेत्रों में और हाईवे पर घना कोहरा मौजूद है। ग्रामीण क्षेत्रों में शहर की अपेक्षा तापमान कम है। सर्दी से बचने के लिए गर्म कपड़े पहन कंबल ओढ़ कर ही घर से बाहर निकल रहे हैं। कोटा से चल रही ट्रेनें लेट कोहरे का असर दिल्ली-मुंबई रेल मार्ग पर दिखा है। कोटा होकर चल रही ट्रेनें भी 1 से 2 घंटे देरी से पहुंच रही है। ट्रेन नम्बर 19038 अवध एक्सप्रेस 3 घंटे देरी से चल रही है। ट्रेन नम्बर 20986 MCTM कोटा एक्सप्रेस भी 50 मिनट से ऊपर देरी से चल रही है। ट्रेन नम्बर 22414 MZM MAO-RAJDHANI भी कोहरे के कारण 1 घंटे देरी से पहुच रही है। हाईवे पर कोहरा होने की वजह से वाहनों की रफ्तार भी धीमी हो गई है। चालक अपने वाहन की हेडलाइट जलाकर हाईवे से गुजर रहे हैं। वही तापमान में आई गिरावट के बाद गलन-ठिठुरन बरकरार है।