भास्कर संवाददाता | पाली शहर में स्ट्रीट डॉग इतने आक्रामक हैं कि आए दिन लोगों पर हमले कर रहे हैं। गुरुवार को दफनाया हुआ भ्रूण निकाल कर हाथ-पैर नोंच खाए। पुलिस कंट्रोल रूप पर सूचना मिली कि वेयर हाउस के पास मरुधर केसरी उद्यान में भ्रूण को कुत्ते नोंच रहे हैं। पुलिस मौके पर पहुंची और भ्रूण को कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवाया। भ्रूण को देखकर लग रहा है कि कुत्तों ने भ्रूण को जमीन के अंदर से निकाल कर दो पैर व एक हाथ को खा लिया। कोतवाली थाने के सब इंस्पेक्टर आनंद सिंह ने बताया कि आसपास के लोगों से पूछताछ में पता चला कि कुत्तों ने जमीन खोदकर दफनाए शव को निकाल लिया था। रोज 25 से 30 हमलों से लोगों में दहशत बढ़ी बांगड़ अस्पताल के आंकड़ों के अनुसार कुत्तों के हमले की रोजाना 25 से 30 घटनाएं सामने आ रही हैं। ऐसे में अब तो बच्चों को घर से बाहर निकलना भी मुश्किल हो रहा है। जिले में 2022 में 3201, 2023 में 3041 व 2024 में 4217 लोगों को काटा। निजी अस्पतालों के तो आंकडे़ भी उपलब्ध नहीं हैं। पिछले 2 सालों में कुत्तों के काटने की घटनाएं 24 फीसदी तक बढ़ गई हैं। निगम द्वारा न तो कुत्तों पकड़ा जाता है न ही नसबंदी की जाती है। टीम कर्रवाई करने जाती भी है तो लोग विरोध कर देते हैं।