भास्कर न्यूज | बारां शहर के कोटा रोड स्थित सीनियर हाई सैकंडरी स्कूल में गुरुवार को आपदा राहत प्रशिक्षण आयोजित किया गया। इसके बाद शारीरिक शिक्षकों की बैठक हुई। उपजिला शिक्षा अधिकारी शारीरिक शिक्षा मानसिंह ने कहा कि शारीरिक शिक्षक हर समय देश सेवा के लिए तैयार रहते हैं। कोरोना काल में भी उन्होंने जिम्मेदारी निभाई। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण लेने वाले शिक्षक अब अन्य शिक्षकों और विद्यार्थियों को भी प्रशिक्षण दें। वरिष्ठ शारीरिक शिक्षक सुनील शर्मा ने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य है कि आपदा के समय शिक्षक सेवा कार्यों में सहयोग कर सकें। सीमा पर सैनिक दिन-रात डटे हैं। देश के अंदर आपदा के समय नागरिकों का भी कर्तव्य बनता है कि वह सेवा में आगे आएं। इस मौके पर व्याख्याता ऋचा वर्मा, भूरमल मीणा और संगठन के जिला अध्यक्ष राजेंद्र शर्मा ने भी विचार रखे। लंबे समय से रिक्त चल रहे उप जिला शिक्षा अधिकारी शारीरिक शिक्षा के पद पर कार्यग्रहण करने पर मानसिंह का शिक्षकों ने स्वागत किया। इस अवसर पर भरत सिंह, दीप्ति मदान, नीलम कपूर, साजिद हुसैन, चंद्रप्रकाश मेहता और मुकेश मेहरा ने कहा कि इस पद के भरने से जिले में शारीरिक शिक्षा को बढ़ावा मिलेगा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शारीरिक शिक्षक मौजूद थे।
