केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के अंबेडकर पर संसद में दिए बयान के बाद उठा विवाद अब राज्यों तक पहुंच गया है। कांग्रेस ने इसे देशव्यापी मुद्दा बनाकर राज्यों में अभियान छेड़ दिया है। कांग्रेस आज सभी जिलों में इसे लेकर पैदल मार्च कर रही है। एआईसीसी से मिले आदेशों के बाद कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष ने दो दिन पहले सभी जिला कांग्रेस कमेटियों को अंबेडकर मुद्दे पर पैदल मार्च निकालने को कहा था। इसके बाद आज राजधानी जयपुर से लेकर हर जिला मुख्यालय पर कांग्रेस नेता पैदल मार्च निकाल रहे हैं। अमित शाह के बयान के खिलाफ कांग्रेस जयपुर शहर-जयपुर ग्रामीण कांग्रेस की ओर से मंगलवार को पैदल मार्च निकाला गया। हालांकि इस पैदल मार्च जयपुर शहर कांग्रेस के अध्यक्ष आरआर तिवाड़ी और जयपुर ग्रामीण के अध्यक्ष गोपाल मीणा, विधायक अमीन कागजी गाड़ी में सवार रहे। इनके आगे पैदल पूर्व मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास और कांग्रेस महिला कार्यकर्ता बैनर लेकर कलेक्ट्रेट ऑफिस तक पहुंचे। इस दौरान कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने गृहमंत्री अमित शाह की ओर से माफी मांगने की तख्तियां लेकर प्रदर्शन में शामिल हुए। इस दौरान युवा कांग्रेस कार्यालय से कलेक्ट्रेट सर्किल पर जाम लग गया। प्रदर्शन के चलते यहां करीब 1 घंटे से ज्यादा जाम लगा रहा। कलेक्ट्रेट सर्किल पर पहुंचे कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने जिला कलेक्ट्रेट कार्यालय में घुसने का प्रयास किया। लेकिन पुलिस ने बैरिकेड्स लगाकर इन्हें गेट पर ही रोक लिया। इस दौरान कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने बैरिकेड्स पर चढ़ कर जमकर हंगामा किया और शाह से इस्तीफे की मांग की। कोटा में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट में घुसने की कोशिश की कोटा उत्तर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने कोटा कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में कोटा उत्तर विधायक व पूर्व मंत्री शांति धारीवाल शामिल हुए। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट में घुसने की कोशिश की। इस दौरान पुलिस व कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच हल्की धक्का मुक्की हुई। अजमेर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की अजमेर शहर कांग्रेस की ओर से मंगलवार को पैदल मार्च निकालकर कलेक्ट्रेट प्रदर्शन किया गया। शहर अध्यक्ष विजय जैन के नेतृत्व में कांग्रेसी रैली निकालते हुए कलेक्ट्रेट पर पहुंचे। यहां कार्यकर्ताओं की ओर से बैरिकेड्स पर चढ़कर प्रदर्शन किया गया। कार्यकर्ताओं की पुलिस से धक्का- मुक्की भी हुई। इस बीच कार्यकर्ताओं ने बैरिकेड्स को नीचे गिरा दिया। कांग्रेसी पदाधिकारी ने जिला कलेक्टर लोक बंधु को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन देकर केंद्रीय मंत्री अमित शाह को पद से इस्तीफा देने की मांग की है। सीकर में कांग्रेस ने आक्रोश मार्च निकाला। यह आक्रोश मार्च सीकर में अंबेडकर सर्किल से रवाना होकर कलेक्ट्रेट पहुंचा। कलेक्ट्रेट के बाहर लगे बैरिकेट्स पर कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने चढ़ने की कोशिश की। इसके बाद मौके पर मौजूद पुलिस ने उन्हें समझाइश करके नीचे उतार दिया। इसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिला कलेक्टर को ज्ञापन भी सौंपा। अलवर में नेता प्रतिपक्ष के नेतृत्व में निकाला आक्रोश मार्च डॉ. भीमराव अंबेडकर पर दिए बयान के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अलवर शहर में मुख्य बाजारों से होते हुए निकला। नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली सहित कांग्रेस के विधायक और कार्यकर्ता शामिल रहे। शहीद स्मारक से अम्बेडकर सर्किल तक विरोध मार्च निकाला गया। भरतपुर में कलेक्ट्रेट के गेट पर ही रोका भरतपुर कलेक्ट्रेट के सामने कांग्रेसियों ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ प्रदर्शन किया। कलेक्ट्रेट के गेट पर तैनात पुलिसकर्मियों ने कांग्रेसियों को कलेक्ट्रेट के अंदर घुसने से रोका। जिसके बाद कुछ कार्यकर्ताओं को कलेक्ट्रेट के अंदर जाने की परमिशन दी गई। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिला अध्यक्ष दिनेश सूपा के नेतृत्व में कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा और शाह को बर्खास्त करने की मांग की। दौसा जिला मुख्यालय पर सांसद मुरारी लाल मीणा के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने धरना प्रदर्शन किया। धरने में पूर्व मंत्री ममता भूपेश,पूर्व विधायक जीआर खटाना, ओम प्रकाश हुड़ला,जिलाध्यक्ष रामजीलाल ओढ़,पीसीसी सचिव कमल मीणा समेत कई नेता शामिल हुए। चित्तौड़गढ़ में शाह के खिलाफ जमकर की नारेबाजी केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की टिप्पणी के खिलाफ चित्तौड़गढ़ जिला कांग्रेस कमेटी ने मंगलवार को विरोध-प्रदर्शन किया है। सभी कांग्रेसी जिला कांग्रेस कार्यालय एकत्रित हुए और वहां से पैदल मार्च करते हुए जिला कलेक्ट्रेट पहुंचे। सभी ने अमित शाह के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और गृह मंत्री के पद से बर्खास्त करने की भी मांग की है। गहलोत बोले-अमित शाह के बयान से भारी आक्रोश, सरकार को समझना चाहिए
पूर्व सीएम अशोक गहलोत ने सोमवार रात को कहा कि अमित शाह ने जिस तरह के कमेंट किए हैं, स्वाभाविक है कि यह बात उठनी थी, उसके बाद से देश भर में आक्रोश है। इसे केंद्र सरकार को समझना चाहिए। देशवासियों की भावना क्या है उसे लेकर सबके चिंता भी है। कांग्रेस ने अमित शाह के इस्तीफ की मांग की है, हर विपक्षी पार्टी वाले भी मांग कर रहे हैं। आक्रोश बहुत भयंकर है, वो सबके सामने है। बीजेपी नेताओं के कांग्रेस पर अंबेडकर का अपमान के करने के आरोपों पर गहलोत ने कहा कि इन्हें इतिहास पता नहीं है। अंबेडकर साहब पहले कानून मंत्री बने, संविधान सभा के अध्यक्ष बने। अंबेडकर साहब को इन्होंने बनाया था क्या? इनकी आजादी के आंदोलन में कोई भागीदारी नहीं थी। ये गुमराह करते हैं। अंबेडकर को कांग्रेस ने सम्मान दिया, उन्हें संविधान की ड्राफ्टिंग कमेटी का अध्यक्ष बनाया इन्होंने बनाया गक्या, लॉ मिनिस्टर इन्होंने बनाया क्या?
